
उत्तर प्रदेश में अयोध्या स्थित श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिये बने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से धोखाधड़ी कर के निकाले गये छह लाख रुपये ट्रस्ट को वापस मिल गये हैं। दरअसल, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने यह जानकारी अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से दी है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने ट्वीट में कहा ‘फर्जी चेक व फर्जी हस्ताक्षर द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के खाते से ट्रांसफर करवाई गई 6 लाख रुपये की राशि भारतीय स्टेट बैंक ने वापस श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के खाते में जमा करवा दी है। त्वरित करवाई के लिए बैंक प्रशासन का हार्दिक आभार। जय श्री राम!’
अयोध्या कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
अयोध्या राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अकाउंट जालसाजों ने कुल 6 लाख की रकम निकाल ली थी। जिसके तहत राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कोतवाली अयोध्या में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस ने आईटी सेल सहित दो टीमें बनाई है।
भारतीय स्टेट बैंक लखनऊ की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, यहीं से फर्जीवाड़ा किया गया था। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का भारतीय स्टेट बैंक नए घाट अयोध्या में खाता संख्या 39200235062 के तहत अकाउंट खुला हुआ है, जिसमें ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र सिग्नेचर अथॉरिटी हैं। भुगतान सिर्फ इन्हीं के दस्तखत से हो सकता है। अभी फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी इस मामले में नहीं हुई है।
Connect With US- Facebook | Twitter | Instagram