भारत समेत पूरी दुनिया में कोरोनावायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। चीन, इटली, अमेरिका, ब्रिटेन व स्पेन जैसे कई बड़े देशों में इस महामारी ने भारी तबाही मचाई है। भारत में इस बीमारी के तकरीबन 900 मामले सामने आ चुके हैं। भारत सरकार इस महामारी से निपटने के हरसंभव कदम उठा रही है। देश में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है और जरूरत पड़ने पर इसे और बढ़ाया जा सकता है।

दुनिया को रास्ता दिखाए भारत : WHO
World Health Organisation (WHO) ने भी कहा है कि भारत बहुत बड़ी जनसंख्या वाला देश है और इस बीमारी के दूरगामी परिणाम इस बात पर निर्भर करेंगे कि वह इसे लेकर क्या कदम उठाता है। यह बहुत जरूरी है कि भारत जन स्वास्थ्य के स्तर पर आक्रामक फैसले लेना जारी रखे।
संस्था के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर माइकल जे रेयान ने कहा है कि भारत के पास कोरोनावायरस के संक्रमण से निपटने की असाधारण क्षमता है क्योंकि उसके पास चेचक और पोलियो जैसी महामारियों को खत्म करने का अनुभव है। उन्होंने कहा, ‘भारत एक बहुत ज्यादा आबादी वाला देश है और इस वायरस का भविष्य बड़ी और घनी आबादी वाले एक ऐसे ही देश में तय होगा।’ उनका आगे कहना था, ‘यह बहुत ही महत्त्वपूर्ण है कि भारत जैसे देश दुनिया को रास्ता दिखाएं जैसा उन्होंने पहले किया है।’
नागरिक होने की जिम्मेदारी निभाएं
पूरे देश में इस समय लॉकडाउन है। ऐसे में सबसे ज्यादा संकट उन गरीब लोगों पर आ पड़ा है जो अपने घरों से दूर बड़े शहरों में रोजी-रोटी कमाने में जुटे हैं। कई बॉलीवुड हस्तियों, उद्योगपतियों व क्रिकेटरों ने मुसीबत की इस घड़ी में आर्थिक मदद की पहल की है। देश का नागरिक होने के नाते हमारी भी यह जिम्मेदारी बनती है कि ऐसे मुश्किल वक्त में हम उन लोगों की मदद करें जो खुद अपनी मदद नहीं कर सकते। कई ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स हैं जिनके जरिए आप संकट की इस घड़ी में लोगों की मदद कर सकते हैं-
प्रधानमंत्री राहत कोष (PMRF)
कई फिल्मी हस्तियों और क्रिकेटरों ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दिया है और वे आम लोगों से भी ऐसा करने की अपील कर रहे हैं। यह केंद्र सरकार का संकटकालीन राहत कोष है। आप BHIM/UPI ऐप के जरिए या सीधे PMRF की वेबसाइट पर जाकर धनराशि दान कर सकते हैं। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने PMRF में 25 लाख रुपए दान किए हैं। इसके तहत दी गई मदद को आयकर से छूट दी गई है।
Paytm और Lifebuoy
डिजिटल पेमेंट की सुविधा देने वाली कंपनी Paytm ने एफएमसीजी कंपनी लाइफबॉय और क्रिकेटर युवराज सिंह की संस्था YouWeCan के साथ मिलकर India Fights Corona नाम का अभियान शुरू किया है। Paytm ने अपने बेवपेज और ऐप पर कोरोनावायरस के लिए दान देने के लिए एक स्पेशल आइकन बनाया है। इसके जरिए आप 50 रुपए से लेकर जितना भी दान करना चाहें, कर सकते हैं। कंपनी ने जरूरतमंद लोगों के लिए सेनेटाइजर, हैंडवॉश, और साबुन बनाने के लिए इस धनराशि का इस्तेमाल करने की बात कही है। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट सिद्धार्थ पांडे ने कहा कि हमें कोरोनावायरस को फैलने से रोकना है और इस महामारी से लड़ना है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे इस कार्य में हमारा सहयोग करें ताकि जरूरतमंद लोगों तक उनकी जरूरत की चीजें पहुंचाई जा सकें।

PharmEasy और Razorpay
पेमेंट गेटवे Razorpay ने इस काम के लिए मेडिकल स्टार्टअप PharmEasy से हाथ मिलाया है। इसके जरिए आप उन स्वास्थ्यकर्मियों की सहायता कर सकते हैं जो कोरोनावायरस से लड़ने में जुटे हैं। आप PharmEasy के ऐप या Razorpay के होमपेज पर जाकर डॉक्टरों, नर्सों व अन्य मेडिकल स्टाफ के लिए N95 मास्क दान कर सकते हैं। आप जितने मास्क दान करेंगे उतने ही मास्क PharmEasy भी दान करेगा, जिससे इनकी संख्या दुगनी हो जाएगी।
Zomato का Feeding India कैंपेन
फूड होम डिलिवरी कंपनी Zomato ने कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित दिहाड़ी मजदूरों के परिवारों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए Feeding India नाम का अभियान चलाया है। कंपनी ने 25 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है जिसमें से 9 करोड़ रुपए जुटाए जा चुके हैं। आप Feeding India के डोनेशन पेज पर जाकर एक परिवार (500 रुपए), तीन परिवार (1500 रुपए), पांच परिवार (2500 रुपए) या उससे ज्यादा परिवारों की मदद कर सकते हैं।
Razorpay और SAFA Society
ऑनलाइन पेमेंट कंपनी Razorpay ने लॉकडाउन से प्रभावित दिहाड़ी मजदूरों, प्रवासी कामगारों व बेघर लोगों को COVID-19 किट उपलब्ध कराने के लिए हैदराबाद के एनजीओ SAFA Society के साथ भागीदारी की है। इस किट में रोजमर्रा की जरूरत की सभी चीजें होंगी जैसे- गेहूं, चावल, दालें, तेल, चीनी, नमक, प्याज, मसाले, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर और जरूरी दवाएं। ये किट हैदराबाद, चेन्नई, बंगलुरू और कर्नाटक में बांटी जा रही है। इसके जरिए मदद देने के लिए आप Razorpay के COVID-19 रिलीफ पेज पर जा सकते हैं।
Give India का #IndiaFightsCoronavirus अभियान
Give India नाम के एनजीओ ने #IndiaFightsCoronavirus की पहल के जरिए लोगों को ऑनलाइन दान करने का प्लेटफॉर्म मुहैया कराया है। इसके जरिए इकट्ठा की गई राशि से कोरोनावायरस से प्रभावित गरीब परिवारों के लिए सुरक्षा किट्स खरीदी जाएंगी। इसके जरिए 500 रुपए या उससे ज्यादा का योगदान दिया जा सकता है।
Google Pay और Goonj/CMRF
Google Pay ने कोरोनावायरस को लेकर कोई खास डोनेशन प्लेटफॉर्म नहीं शुरू किया है, लेकिन आप गूंज नाम के एनजीओ की RAHAT COVID-19 पहल के जरिए जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकते हैं। Google Pay के जरिए आप महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, बिहार, ओडिशा, असम और मेघालय के मुख्यमंत्री राहत कोष में भी सहायता राशि दे सकते हैं।
अन्य क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म्स
क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म Ketto.org ने कोरोनावायरस के डोनेशन को लेकर एक अलग पेज बनाया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए 1.8 करोड़ रुपए जुटाए जा चुके हैं। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने इस प्लेटफॉर्म के जरिए पुणे के चैरिटेबल ट्रस्ट मुकुल माधव को एक लाख रुपए दिए हैं। एक और क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म Milaap.org ने ट्रांसजेंडर लोगों की मदद के लिए धनराशि जुटाने की मुहिम चलाई है। इसमें आप Paytm और UPI के अलावा सीधे बैंक से भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं।
Connect With US- Facebook | Twitter | Instagram