
एक्टर सुशांत राजपूत की संदिग्ध हालातों में हुई मौत से बॉलीवुड अभी उभर भी नहीं कि, बिहार के एक और बॉलीवुड एक्टर की मुंबई में संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मुंबई के अंधेरी इलाके में रहने वाले 26 साल के स्ट्रगलिंग एक्टर अक्षत उत्कर्ष चौधरी की कथित खुदकुशी का मामला सामने आया है।
अक्षत, मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। मुंबई पुलिस ने अक्षत के पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार शव को बिहार ले गए।
एएनआई ने ट्वीट किया, ‘मुंबई पुलिस ने बताया है कि अभिनेता अक्षत उत्कर्ष की मुंबई के अंधेरी इलाके में अपने आवास पर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मामला दर्ज करने के बाद इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम होने के बाद अभिनेता की बॉडी उनकी फैमिली को सौंप दी गई है।’
यह है पूरा मामला
जब ये घटना हुई, तो अक्षत अंधेरी स्थित घर में अपनी गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस स्नेहा चौहान के साथ रह रहे थे। स्नेहा ने अपने बयान में कहा कि, रविवार शाम को अक्षत नॉर्मल ही बर्ताव कर रहे थे। दोनों ने साथ में कई चीजों पर बातें कीं और उसके बाद साथ में डिनर कर के सोने चले गए।
जब रात 11:30 बजे स्नेहा वॉशरूम जाने के लिए उठीं तो उन्होने अक्षय को उनके कमरे में मृत पाया, जिसके बाद उन्होने तुरंत पुलिस को कॉल किया। इसके बाद पुलिस द्वारा अक्षत को तुरंत ही नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें पहले से मृत घोषित किया गया।
पुलिस ऑफिसर ने बताया कि इसके बाद अक्षत के शरीर को ऑटोप्सी के लिए कूपर हॉस्पिटल ले जाया गया। अक्षत के दोस्तों से पूछताछ करने वाले पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अक्षय डिप्रेशन में थे क्योंकि लॉकडाउन के बाद कोई काम नहीं मिल रहा था और उन्हें अपने परिवार और दोस्तों से पैसे लेने पड़ रहे थे।
घटना पर परिजनों का दावा
अक्षत के परिवार के सदस्यों ने अपने बेटे की संदिग्ध मौत को लेकर आरोप लगाते हुए कहा है कि, यह मर्डर है। अक्षत के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस ने उनका सहयोग नहीं किया। अक्षत के मामा रणजीत सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि, अक्षत ने आखिरी बार रविवार रात करीब 9 बजे अपने पिता से बात की थी।
अक्षत को डिप्रेशन की बात से भी परिवार ने इनकार किया और कहा कि अक्षत तो लगातार काम खोज रहे थे और उन्हें अपकमिंग फिल्म ‘लिट्टी चोखा’ में एक रोल भी मिल गया था।
Connect With US- Facebook | Twitter | Instagram